18/04/2021 रामगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रजरप्पा मंदिर के जंगलों में शनिवार को असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में जंगली पशुओं और पक्षियों को भारी नुकसान हुआ है। इस वारदात की सूचना जैसे ही रजरप्पा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार को मिली, उन्होंने तत्काल अग्निशमन दल को घटनास्थल पर भेजा। अग्निशमन दल के लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता पाई। थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर के आसपास के जंगलों में कई महुआ के पेड़ भी हैं। महुआ चुनने वाले इस समय में पेड़ के नीचे आग लगा देते हैं। लेकिन गर्मी के मौसम में तेज हवाओं से यह आग काफी दूर तक फैल जाती है। उनकी वजह से जंगली पशुओं और पक्षियों को भारी नुकसान होता है। अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग फैल कर मंदिर के इलाके तक भी पहुंच सकती थी। समय रहते आग को बुझा दिया गया। हालांकि अभी कोविड-19 गाइडलाइन की वजह से यहां श्रद्धालुओं का आवागमन काफी कम हो गया है। हिन्दुस्थान समाचार/अमितेश




