a-shop-sealed-in-case-of-violation-of-kovid-rules
a-shop-sealed-in-case-of-violation-of-kovid-rules

कोविड नियमों के उल्लंघन मामले में एक दुकान सील

रांची, 24 मई (हि.स.)। रांची शहर में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन्स का अनुपालन कराने के लिए लगातार दंडाधिकारियों द्वारा गश्ती की जा रही है। कोविड-19 अनुरूप उचित व्यवहार के अनुपालन और बिना मास्क चलने वाले लोगों पर सख्ती लगातार जारी है। सोमवार को शहर में अलग-अलग स्थानों पर कोविड-19 संबंधित दिशा निर्देशों के अनुपालन और बिना मास्क चलने वाले लोगों की जांच को लेकर अभियान चलाया गया। इसी क्रम में झारखंड वित्त सेवा के परिक्ष्यमान पदाधिकारी नवीन कुमार साहू ने कोविड-19 के उल्लंघन करने के आधार पर फर्स्ट क्राई ऑनलाइन स्टोर को सील कर दिया है। जांच के क्रम में फर्स्ट क्राई ऑनलाइन स्टोर को लगातार वार्निंग दी जा रही थी, लेकिन वहां ग्राहकों को सामान की बिक्री की जा रही थी। इस बाबत इस ऑनलाइन स्टोर को सील कर दिया गया। इसके अलावा अलग-अलग 18 थाना क्षेत्रों में दंडाधिकारियों ने अभियान चलाया। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों ने लोगों को मास्क चेकिंग अभियान के दौरान कोविड अनुरूप उचित व्यवहार करने के लिए आवश्यक जानकारी दी। लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क का सही इस्तेमाल करने और सैनिटाइजर का समय समय पर इस्तेमाल करने के बारे में भी बताया गया। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in