कुलगाम 23 जून (हि.स.)। उपायुक्त कुलगाम डॉ बिलाल मोहिउदीन भट्ट ने मिनी सचिवालय में बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान लोगों को यह जानकारी देते हुए कहा कि वैक्सीन कोविड-19 को हराने के लिए एक प्रभावी और अनिवार्य उपकरण है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इसका इस्तेमाल नहीं किया है वे जल्द से जल्द खुद को टीका लगवाएं। जिले में कोविड की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में स्थिति में सुधार हुआ है और वर्तमान में जिले में केवल 260 सक्रिय सकारात्मक रोगी हैं, बिस्तर अधिभोग की संख्या भी कम हुई है और यहां के कोविड अस्पताल में केवल 09 सकारात्मक रोगी भर्ती है। उपायुक्त ने कहा कि वैक्सीन के महत्व को ध्यान में रखते हुए जिले में तेज टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है और 44 वर्ष से अधिक उम्र की 87 प्रतिशत आबादी को टीका लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जिले की शत-प्रतिशत पात्र आबादी का टीकाकरण करने के प्रयास दुगने किए जा रहे हैं और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन व्यक्तियों को कोविड संक्रमण हुआ है, उनका पता लगाने के लिए त्वरित परीक्षण किया जा रहा है और दैनिक आधार पर लगभग 2000 परीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिकवरी दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और वर्तमान में रिकवरी दर 98 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कोविड केयर अस्पताल में 120 आक्सीजनेटिड बेड है इसके अलावा सभी पंचायतों में कोविड केयर सेंटर स्थापित किये गये है। उपायुक्त ने सभी हितधारकों और आम जनता को संक्रमण की वृद्धि को रोकने के लिए अनलॉक के दौरान कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का पालन करने के लिए प्रेरित किया। हिन्दुस्थान समाचार/मोनिका/बलवान




