जम्मू, 01 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पार्टी प्रभारी तरुण चुघ ने श्रीनगर में भाजपा नेता पर आतंकवादियों के हमले की गुरूवार को कड़ी निंदा की जिसके परिणामस्वरूप एक कांस्टेबल की मौत हो गई। उन्होंने इसे आतंकवादियों द्वारा घबराहट और कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया। चुघ ने एक बयान में कहा कि शांति और विकास जम्मू कश्मीर के नए मुहावरे बन गए हैं और आतंकवादी इससे परेशान महसूस कर रहे हैं। चुघ ने कहा कि वे जम्मू-कश्मीर को शांति और विकास का फल नहीं देना चाहते हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों ने हाल के दिनों में हासिल किया है। इसलिए वे आतंक फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे जम्मू-कश्मीर के लोग पहले ही नकार चुके हैं। चुघ ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित मुट्ठी भर आतंकवादी जम्मू-कश्मीर में जड़ें जमाए हुए लोकतंत्र से परेशान हैं। उनकी हिंसा जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र और शांति के खिलाफ है। हिन्दुस्थान समाचार/अमरीक/बलवान




