जम्मू 30 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना ने जम्मू के मेयर चंद्रमोहन गुप्ता के साथ मिलकर भगवती नगर में बने 500 बैड के डीआरडीओ अस्पताल का रविवार को दौरा किया। इस दौरान रैना ने भगवती नगर में 15 दिनों के अंदर अस्पताल तैयार करवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट किया। इसी बीच उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कोरोना महामारी में देश के 1 करोड़ 30 लाख लोगों के सेवादार बनकर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जितना आभार जताया जाए उतना कम है। इस दौरान रैना ने उम्मीद जताई कि सोमवार से इस अस्पताल में मरीजों का इलाज शुरू होने से काफी राहत मिलेगी। रविंद्र रैना ने इस मौके पर डीआरडीओ अधिकारियों व स्टॉफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने रिकार्ड समय में जम्मू को यह अस्पताल तैयार करके दिया है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के तैयार होने से कोरोना महामारी से पड़ित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी। रैना ने कहा कि यह अस्पताल ऑक्सीजन प्लांट समेत सभी अत्याधुनिक उपकरणों से तैयार है। रैना ने मेयर के साथ पूरे अस्पताल का दौरा किया और वहां मौजूद अधिकारियों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी भी हासिल की। हिन्दुस्थान समाचार/मोनिका/बलवान




