पुंछ, हि.स.। आतंकवादी हमले में सेना के 5 जवानों के बलिदान और 2 अन्य के गंभीर रूप से घायल होने के एक दिन बाद सुरक्षाबलों ने आज सुबह जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के समूचे वन क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया है। एक अधिकारी ने कहा कि रातभर चले अभियान के बाद सुबह व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू हो गया है। हवाई निगरानी भी की जा रही है।
आतंकियों की तलाश में खोजी कुत्तों को भी अभियान में लगाया गया
इस अधिकारी ने कहा कि गुरुवार दोपहर सेना के 2 वाहनों पर घात लगाकर हमला करने वाले आतंकवादियों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों को भी अभियान में लगाया गया है। इस अभियान में अतिरिक्त सैनिकों को शामिल किया गया है। डेरा की गली (डीकेजी) रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। सेना और पुलिस के शीर्ष अधिकारी जमीनी हालात पर नजर रखे हुए हैं।
5 जवान बलिदान हो गए, 2 गंभीर रूप से घायल
उल्लेखनीय है कि गुरुवार अपराह्न बाद 3ः45 बजे सेना के दो वाहनों पर सुरनकोट पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में डेरा की गली जंगल में टोपा पीर क्षेत्र के पास पर एक अंधे मोड़ पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में सेना के 5 जवान बलिदान हो गए जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए।
3-4 संख्या थी आतंकवादियों की
इस हमले में नायक बिरेंद्र सिंह, नायक चालक कर्ण कुमार, राइफलमैन चंदन कुमार और राइफलमैन गौतम कुमार समेत 5 जवान शहीद हो गए। पांचवें जवान की पहचान नहीं हो पाई है। हमले में गंभीर रूप से घायल 2 जवानों का अस्पताल में उपचार जारी है। माना जा रहा है कि आतंकवादियों की संख्या 3-4 थी। अधिकारियों का कहना है कि हमले के बाद आतंकवादियों ने कम से कम 2 सैनिकों के शवों को क्षत-विक्षत कर दिया और उनमें से कुछ के हथियार ले गए।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




