उधमपुर/कटडा, 21 जून (हि.स.)। देशभर की तर्ज पर जिला रियासी में भी अब 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना के टीके लगाए जाएंगे। इस हेतु कटडा के यात्री भवन में प्रशासन द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एमओएस केंद्र सरकार डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा की गई। इस दौरान गुब्बारे छोड़कर डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों हेतु वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर जिला उपायुक्त रियासी चरणदीप सिंह, एसएसपी रियासी शैलेंद्र सिंह, सीएमओ रियासी, बीएमओ कटड़ा डॉ.गोपाल दत्त सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पत्रकारों को संबोधित करते हुए डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि 21 जून योग दिवस के उपलक्ष पर भारत सरकार द्वारा भारत में 18 से अधिक उम्र के सभी लोगांे के लिए कोरोना की दवाई अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का प्रयास रहेगा कि आदमी दिसंबर तक जम्मू कश्मीर में 100 प्रतिशत कोरोना टीकाकरण किया जाए। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर में मौजूदा समय में 45 वर्ष के अधिक लोगों को 75ः कोरोना का टीकाकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि जुलाई के अंत तक जम्मू कश्मीर में 45 से अधिक वर्ष की उम्र के सभी लोगों को टीकाकरण कर लिया जाएगा। केंद्र में मोदी सरकार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, इसी का नतीजा है कि देशभर में बड़ी तेजी से 18 से सभी वर्गों के लिए टीकाकरण समय-समय पर लगाया जा रहा है। उन्होंने अनुमान लगते हुए कहा कि अगर इसी गति से यह अभियान चलता रहा तो संभव है कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर का असर बहुत ही कम होगा। हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान




