नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। मंगलवार सुबह जम्मू-कश्मीर में दो बार भूकंप आने से घाटी में डर फैल गया। पहला भूकंप सुबह 6:45 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर 4.9 मापी गई। इसका केंद्र उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में था और यह 5 किलोमीटर की गहराई में आया। इसके बाद, कुछ ही मिनटों में, सुबह 6:52 बजे, उसी क्षेत्र में 4.8 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया। इस बार इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था और यह भी बारामूला जिले में स्थित था।
भारी नुकसान नहीं
भूकंप की तीव्रता काफी थी, लेकिन अधिकारियों के अनुसार किसी तरह के भारी नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी कश्मीर के बारामुल्ला में भूकंप के दौरान एक व्यक्ति इमारत से कूद गया, जिससे वह घायल हो गया। जम्मू और कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्से और जम्मू क्षेत्र के डोडा, रामबन, किश्तवाड़, भूकंप के उच्च जोखिम वाले क्षेत्र में आते हैं।
NCS ने दी जानकारी
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भूकंप की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “EQ of M: 4.9, दिनांक: 20/08/2024 06:45:57 IST, अक्षांश: 34.17 N, देशांतर: 74.16 E, गहराई: 5 किलोमीटर, स्थान: बारामुल्ला, जम्मू और कश्मीर।” जिसका मतलब है 20 अगस्त 2024 को सुबह 6:45 बजे कश्मीर घाटी में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र बारामुल्ला में था।
इतना तेज भूकंप कि पंखे हिलने लगे
भूकंप से जुड़ा एक वीडियो ANI ने भी ट्वीट किया है जिसमें दिख रहा है कि भूकंप के कारण पंखा तेजी से हिल रहा है।
बड़े नुकसान की सूचना नहींः अधिकारी
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयारियां पूरी हैं। अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, जिससे लोग थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं।





