उधमपुर, 18 जून (हि.स.)। ब्रिज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा करवाये जा रहे देविका प्रोजैक्ट कार्य की कार्यप्रणाली को लेकर शहर वासी काफी परेशान हैं। वहीं शुक्रवार को इस समस्या को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुमित मगोत्रा की अध्यक्षता में गोल मार्केट में व्यापारियों के साथ इकट्ठे होकर ब्रिज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी का पुतला जलाया एवं सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृजमोहन शर्मा भी उपस्थित रहे। वहीं सुमित मगोत्रा ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया देविका प्रोजैक्ट के नाम पर जो शहर में सीवरेज का कार्य चल रहा है उसको लेकर पूरे शहर के लोग काफी परेशान हैं, क्योंकि इन प्रोजैक्ट वालों ने शहर के सभी वार्ड और बाजारों की सड़कों व गलियों को उखाड़ दिया है। उसकी मरम्मत की बजाए खानापूर्ति करके लोगों व दुकानदारों के लिए एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। मगोत्रा का कहना था कि चाहे लंबी गली हो, एमएच रोड, मुख्य बस स्टैंड और सलाथिया चैक से लेकर रामनगर चैक तक दुपहिया वाहन तो दूर लोग भी नहीं चल पा रहे हैं लेकिन कंपनी को पूछने वाला कोई भी नहीं है। उनका कहना था कि लॉकडाउन के चलते व्यापारियों का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। कंपनी की नालायकी की वजह से बाजार में खुदी हुई सड़कों की वजह से मिट्टी व धूल उड़ती है। दो पहिया वाहन गिरते रहते हैं, जिसके चलते ग्राहक बाजार में नहीं आ रहा और दुकानदारों का लाखों का सामान मिट्टी से खराब हो रहा है। कंपनी को चाहिए था कि दिन-रात एक करके खुदी सड़क की मरम्मत करके दो 4 दिन के भीतर उसको दुरुस्त किया जाना चाहिए था। वहीं उन्होंने सांसद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह देविका में आकर फोटो खिंचवा कर चले जाते हैं। क्या उन्होंने यह जरूरी नहीं समझा कि जमीनी स्तर पर देखा जाए कि देविका प्रोजैक्ट के नाम पर क्या कार्य चल रहा है। उन्हांेने जिला प्रशासन व उपराज्यपाल से मांग करते हुए कहा कि कंपनी के खिलाफ जांच होनी चाहिए कि प्रोजैक्ट क्या है और कार्य क्या चल रहा है। कार्य की गुणवत्ता क्या है, क्योंकि जो मिस्त्री का काम है वह भी मजदूर ही कर रहे हैं और इनको पूछने वाला कोई भी नहीं है। सुमित मंगोत्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही खराब की गई सड़कें व गलियों को कंपनी द्वारा दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कंपनी के खिलाफ आंदोलन की नीति तय की जाएगी। इस मौके पर शहर के गणमान्य लोग अशोक कुका, काला शाह, शमीम, राजकुमार, सोनू केसरी, विकास खजूरिया, मीनू शर्मा, शिवम शर्मा, सुशील राणा, राजेश कुमार आदि उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान




