उधमपुर, 12 जून (हि.स.)। विभिन्न क्षेत्रों का एक प्रतिनिधिमंडल मजदूर दस्तकार यूनियन के प्रदेश उप प्रधान बंसी लाल शर्मा से मिला। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों का एक ज्ञापन प्रदेश उप प्रधान को सौंपा, जिससे उन्होंने विभिन्न समस्याओं को उजागर किया था। विभिन्न क्षेत्रों के लोगों जिनमें मजदूर दस्तकार यूनियन के सचिव गणेश शर्मा, मंगा लाल, कालू राम, गूडू सिंह, प्रकाश शर्मा, मंगलू शर्मा, पंकज शर्मा आदि शामिल थे बताया कि इस समय महंगाई आसमान छू रही है। पैट्रोल, डीजल, गैस, आटा, चीनी सरसों का तेल काफी महंगा हो गया, जिससे मध्यम वर्ग व गरीब लोगों को अपने परिवार का पालन पोषण करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि कोरोना महामारी ने कईयों के रोजगार तक छीन लिए हैं और अब महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सेरली, नलेयां, तथा इसके साथ लगते क्षेत्रों में करीब 450 घर हैं जोकि रोजी रोटी के लिए जूझ रहे हैं लेकिन अभी तक उनको कोई मदद नहीं मिली है। उनका कहना था कि उनका सारा कारोबार यात्रा पर निर्भर है लेकिन यात्रा नाममात्र ही चल रही है, जिससे उन्हें काफी दिक्कते पेश आ रही हैं। वहीं बंसी लाल शर्मा ने आए प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के उपरांत उन्हें आश्वस्त किया जल्द ही उनकी समस्याओं को उपराज्यपाल तक पहुंचाया जाएगा तथा उनको हल करने की कोशिश की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान




