प्रदेश भर में 10 जून तक मौसम के साफ रहने का अनुमान, 11 से फिर बारिश के आसार शिमला, 06 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला में पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। आसमान पर छाए बादल तेज गड़गड़ाहट के साथ बरस पड़े। झमाझम बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल गई। अप्पर शिमला के कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरने की भी सूचना है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। 11 व 12 जून को प्रदेश में मौसम के फिर बिगड़ने की आशंका है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मेघ गर्जना के साथ बरसात हुई। देहरा गोपीपुर में सर्वाधिक 34, घुमारवीं में 11, मैहरे और डल्हौजी में छह-छह, खेरी में पांच और भटियात में तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उधर, मैदानी इलाकों में रविवार को तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में उछाल आया तथा लोगों को चिललिचाती गर्मी का सामना करना पड़ा। ऊना राज्य का सबसे गर्म स्थल रहा, जहां पारा 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शिमला में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री, सुंदरनगर में 35.3 डिग्री, भुंतर में 34.7 डिग्री, कल्पा में 24.2 डिग्री, धर्मशाला में 27.6 डिग्री, नाहन में 31.8 डिग्री, कांगड़ा में 36.7 डिग्री, बिलासपुर में 36.5 डिग्री, हमीरपुर में 36.2 डिग्री, चंबा में 34.8 डिग्री, डल्हौजी में 21.9 डिग्री और केलंग में 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले चार दिन मौसम के साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में उछाल आएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय के सक्रिय होने से 11 व 12 जून को प्रदेश में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल /सुनील




