शिमला, 26 जून (हि.स.)। कोविड की दूसरी लहर के धीमा होने के साथ ही हिमाचल की राजधानी शिमला में पर्यटकों का जमावड़ा लग गया है। वीक एंड पर शनिवार को शिमला पूरी तरह पर्यटकों से गुलजार नजर आया। पर्यटकों की भीड़ से यहां होटलों में ऑक्यूपेंसी 100 फीसदी के करीब पहुंच गई है। पर्यटकों की आमद से अचानक आई उछाल से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। यहां के मालरोड व रिज समेत निकटवर्ती पर्यटक स्थलों कुफरी, फागू, मशोबरा, नारकंडा में पर्यटकों की रौनक बनी हुई है। सैलानियों ने रिज व कुफरी में घुड़सवारी का भी लुत्फ उठाया। बाहरी राज्यों से पर्यटक अपने वाहनों से शिमला का रुख कर रहे हैं। इससे शहर की मुख्य सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। राजधानी को पंजाब व हरियाणा से जोड़ने वाले कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर दिन भर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। आलम ये है कि शिमला शहर में दाखिल होने से 10 किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम लग रहा है। जानकारी अनुसार पिछले 24 घण्टों में पांच हज़ार से अधिक वाहन शिमला में दाखिल हुए हैं। कोविड दूसरी लहर के बाद मार्च में ही पर्यटन कारोबार धीमा हो गया। मई माह के दूसरे सप्ताह में कोविड कर्फ्यू के आदेश के बाद पर्यटन व्यवसाय पूरी तरह ठप हो गया। मगर अब एक बार फिर वीकएंड पर शिमला पर्यटकों से गुलजार नजर आया। पंजाब व हरियाणा के साथ दिल्ली से काफी पर्यटक शिमला पहुंचे। जिस कारण शहर की तमाम पार्किंग पूरी तरह से फुल हो गई। शिमला से सटे समीपवर्ती रिजार्ट्स, होटल और होम स्टे में भी ऑक्यूपेंसी बढ़ गई है। हिमाचल पर्यटन स्टेक होल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिंद्र सेठ ने शिमला को बताया कि वीकेंड पर सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी होने से होटलों की ऑक्यूपेंसी 90 फीसदी से अधिक हो गई। यह शहर के पर्यटन के लिए बहुत सुखद है। इस बीच पर्यटक बिना मास्क भी आवाजाही कर रहे हैं। जो भविष्य में बड़े खतरे का सबब बन सकता है। हालांकि पुलिस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद कई सार्वजनिक स्थल, पर्यटक स्थल आदि में पर्यटक बिना मास्क नजर आ रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील




