राष्ट्रपति मुर्मू ने छराबड़ा में किया ट्यूलिप गार्डन का उद्घाटन, 23 अप्रैल से आम लोगों के लिए होगा ऑपन

चार दिवसीय शिमला प्रवास के पहले दिन राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति निवास के परिसर का भ्रमण किया तथा अन्य फूलों व पौधों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

शिमला, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को शिमला के समीप छराबड़ा में राष्ट्रपति निवास ''रिट्रीट'' में विकसित ट्यूलिप गार्डन का उद्घाटन किया। मशोबरा के समीप स्थित राष्ट्रपति निवास जिसे पूर्व में ‘प्रेसिडेंशियल रिट्रीट’ कहा जाता था, आगामी 23 अप्रैल से आगुंतकों एवं पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे अब पर्यटक तथा आमजन भी यहां का भ्रमण कर सकेंगे और ट्यूलिप गार्डन में स्ट्रांग, गोल्ड, डेनमार्क, वेलेमार्क, जम्बोपिंक और लैपटॉप जैसी ट्यूलिप की विभिन्न प्रजातियों का दीदार कर सकेंगे।

राष्ट्रपति निवास में नेचर ट्रेल और बागीचे आम लोगों के लिए जाएंगे खोले

चार दिवसीय शिमला प्रवास के पहले दिन राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति निवास के परिसर का भ्रमण किया तथा अन्य फूलों व पौधों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उद्घाटन के बाद राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी ट्यूलिप गार्डन का भ्रमण किया। राष्ट्रपति निवास में नेचर ट्रेल और बागीचे भी 23 अप्रैल से प्रकृति प्रेमियों एवं यहां आने वाले अन्य लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके लिए राष्ट्रपति भवन की अधिकारिक वेबसाइट https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करवाई जा सकती है।

प्रति व्यक्ति 50 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 250 रुपये की फीस

राष्ट्रपति निवास में स्कूली बच्चों के लिए एंट्री नि:शुल्क होगी, जबकि भारतीय नागरिकों के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 250 रुपये की फीस होगी। यह पहली बार है कि शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास परिसर को भी आम लोगों के लिए खोला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 173 साल पुराने द रिट्रीट के भवन को हेरिटेज कैटेगरी में रखा गया है। यह शिमला से 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा में स्थित है।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in