शिमला, 16 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला के उपनगर टूटू स्थित हिमाचल मिल्क फैडरेशन के मिल्क प्लांट में बुधवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से लाखों रूपये की मशीनरी के नुकसान होने की आशंका है। दूध प्लांट में काम कर रहे कामगारों ने मिल्क प्लांट में स्थापित आग बुझाने के यंत्रों से आग को काबू किया। हालांकि दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई थी। अग्निकांड में सेमियां बनाने व सुखाने वाला यंत्र आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी से करीब दो से लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान किसी के झुलसने का समाचार नहीं है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई गई है। जानकारी अनुसार शाम करीब पांच बजे कर्मचारियों ने प्लांट से धूंआ निकलते देखा। कामगारों ने पाया कि सेमियां बनाने वाले उपकरण ने आग पकड़ ली है। कामगारों ने मेहनत करके आग को भड़कने से रोका और फिर फायर बिग्रेड ने आग को बुझाया। मिल्कफैड के सहायक नियंत्रक वित एवं लेखा तेजेश्वर शर्मा ने बताया कि टूटू मिल्क प्लांट में सेमियों का उत्पादन होता है। सेमियां बनाने वाला उपकरण आगजनी में जल गया। इसकी कीमत लगभग तीन लाख रूपये है। शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी, जिस पर तुरंत ही काबू पा लिया गया। यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो भारी नुकसान हो सकता था। उधर, बालूगंज अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शार्ट सर्किट की वजह से मिल्क प्लांट में आग लगी, उस वक्त वहां कर्मचारी काम पर थे और उन्होंने आग पर काबू पा लिया। बालूगंज, माल रोड व छोटा शिमला से तीन दमकल गाड़ियां भी मौके पर भेजी गई थीं। आगजनी में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील




