कुल्लू, 28 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में विकास के कार्य बिल्कुल ठप पड़े हुए हैं तो वहीं हिमाचल में अभी तक भाजपा सरकार पुराने कार्यों का ही श्रेय ले रही है। मंडी लोकसभा के उपचुनाव में केंद्र सरकार को अपने कामों का हिसाब भी जनता को देना होगा। सोमवार को कुल्लू पहुंचे राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त इस दौरान प्रदेश व केंद्र सरकार पर भी जमकर बरसे। तो वहीं उन्होंने महंगाई के मुद्दे को लेकर भी प्रदेश व केंद्र सरकार को घेरा। संजय दत्त ने कहा कि इन दिनों वे मंडी संसदीय क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और जगह-जगह कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी की जा रही है। वही आने वाले उपचुनाव के लिए कार्यकर्ताओं की भी राय ली जा रही है। संगठन की ओर से जो भी निर्देश मिलेंगे उन्हें निर्देशों के अनुसार इन चुनावों को लड़ा जाएगा। संजय दत्त ने कहा कि जनता अब की बार केंद्र व प्रदेश सरकार से हिसाब लेने को तैयार बैठी है। क्योंकि सरकार ने उन्हें राहत देने की बजाय महंगाई ही दी है। अगर सरकार को मंडी संसदीय उप चुनाव लड़ना होगा तो पहले उन्हें जारी किए गए घोषणापत्र में किए गए कामों का हिसाब भी बताना होगा। जब की सरकार के पास जनता को बताने के लिए कुछ भी नहीं है क्योंकि उन्होंने धरातल पर कोई काम भी नहीं किया है। उन्होने बताया कि आगामी दिनों में वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे तथा पेट्रोल डीजल की बढ़ती हुई कीमतों को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल/सुनील




