शिमला, 03 जून (हि. स.)। वन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री राकेश पठानिया ने गुरूवार को वर्चुअल माध्यम से नाहन, बिलासपुर एवं सोलन वन वृत के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर राकेश पठानिया ने विभाग को वन पौधशालाओं का आधुनिकीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वन वृतों के मुख्य अरण्यपालों एवं अरण्यपालों को विभिन्न पौधशालाओं का दौरा कर आवश्यतानुसार उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधशालाओं में वानिकी प्रजाति के पौधों के अतिरिक्त फलदार एवं स्थानीय लोगों की आर्थिकी को सुदृढ़ बनाने वाले पौधे उगाने को भी कहा। यदि पौधशालाओं में उन्नत किस्म के अच्छे पौधे तैयार होंगे तभी हिमाचल में हरित आवरण को बढ़ाने में सफलता प्राप्त होगी। राकेश पठानिया के समक्ष सम्बन्धित वन वृतों के मुख्य अरण्यपालों ने उनके वन वृतों में किए जा रहे विकासात्मक कार्यों पर प्रस्तुतियां दीं। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्जवल




