धर्मशाला, 29 जून (हि.स.)। कांगड़ा, चम्बा व उना जिला पुलिस ने नाईट डोमिनेंस एक्सरसाईज (इएनडी) के तहत सोमवार बीती देर रात को डीआईजी नोर्थ रेंज सुमेधा द्विवेदी सड़कों पर उतरीं। उनकी अगुवाई में बीती रात चलाए गए एक चैकिंग अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की गई। इस दौरान बीती देर रात 11ः30 बजे से सुबह 4.30 बजे तक लगभग 3000 वाहनों का निरीक्षण किया गया जिसमें 438 वाहनों के यातायात नियमों का पालन न करने के चलते चालान किए गए। चालान के तौर पर मौक पर ही 78800 रूपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। डीआईजी नोर्थ रेंज सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि पिछले तीन माह के दौरान पुलिस की यह तीसरी एक्सरसाइज थी। उन्होंने बताया कि कोरोना नियमों का पालन नही करने पर 30 चालान जिनसे 16500 का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा अवैध खनन के पांच मामलों में 21000 रूपये का जुर्माना किया गया। वहीं अभियान के दौरान चम्बा जिले में 95000 मिलीलाटर अवैध शराब पकड़ी गई जबकि उना में जुआ खेलने वालों से 21160 रूपये वसूल किए गए। इस अभियान में कांगडा, चम्बा और उना के पुलिस अधीक्षकों के अलावा अन्य अधिकारी तथा विभिन्न पुलिस थाना व चैकी प्रभारियों सहित उनका पुलिस स्टाफ भी शामिल हुआ। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील





