फरीदाबाद, हि.स.। एनआईटी विधानसभा से कांग्रेस के विधायक नीरज शर्मा को मंगलवार रात्रि अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी भरे फोन के आने के बाद विधायक शर्मा ने तुरंत थाना सारन पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस को दी शिकायत में विधायक ने बताया कि करीब पौने दस बजे उन्हें एक नंबर से फोन आया और फोन करने वाले व्यक्ति ने पहले तो उन्हें गालियां दी और फिर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
विधायक ने बताया कि उनकी माता जी चौरासी कोस की परिक्रमा देने गई है, अगर उनको कुछ होता है तो उसका जिम्मेवार यही फोन करने वाला व्यक्ति होगा। पुलिस ने शिकायत दर्ज करके कार्यवाही शुरू कर दी। मामले की जांच सीआईए सेक्टर-48 को दी गई और पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी दिनेश और बंसीलाल को गिरफ्तार कर लिया।
डेयरी को हटाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि बंसीलाल नामक व्यक्ति जो औरंगाबाद का रहने वाला है और उसकी जीवन नगर में भैंस की दूध की डेयरी है। करीब 6 महीने पहले उसकी पर्वतीय कॉलोनी में डेयरी थी। स्थानीय लोगों व नीरज शर्मा की वजह से उसको वहां से डेयरी हटानी पड़ी जिससे उसका आर्थिक नुकसान हो रहा था, इसी को लेकर वह विधायक नीरज शर्मा से रंजिश रखने लगा। धमकी देने वाला दिनेश, बंसीलाल के यहां पर काम करता है। दिनेश पीछे से यूपी मथुरा का रहने वाला है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।





