नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्लीवासियों ने गणतंत्र दिवस पर सुबह तीखी ठंड का सामना किया, जहां सुबह की सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, सूरज की किरणों ने कुछ देर के लिए राहत दी, लेकिन मौसम का यह सुकून ज्यादा समय तक टिकने वाला नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज मंगलवार को लेकर चेतावनी जारी की है और राजधानी के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे मौसम में अचानक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत की तरफ तेजी से बढ़ रहा एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ राजधानी के मौसम को प्रभावित करने वाला है। इसके चलते दिल्ली में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है। अनुमान है कि बारिश का दौर सुबह के समय शुरू हो सकता है और फिर दोपहर बाद से लेकर देर रात तक रुक-रुक कर जारी रहेगा। आईएमडी की चेतावनी के अनुसार, आज केवल बारिश ही नहीं बल्कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
दिल्ली में ठंड फिर दिखाएगी असर, गिरेगा तापमान
सोमवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। हालांकि मौसम का मिज़ाज अब बदलने वाला है। बादलों की मौजूदगी और बारिश के चलते मंगलवार को दिन का तापमान गिरने की संभावना है और अधिकतम पारा करीब 19 डिग्री सेल्सियस तक सिमट सकता है, जिससे दिन में भी ठंडक महसूस होगी। वहीं न्यूनतम तापमान के 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। गौर करने वाली बात यह है कि सोमवार रात अयानगर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री तक लुढ़क गया था, जो यह संकेत देता है कि रातों की सर्दी अभी पूरी तरह जाने वाली नहीं है।
बारिश होने से प्रदूषण से मिल सकती है राहत
मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ राजधानी की वायु गुणवत्ता भी बिगड़ती नजर आई है। सोमवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स फिसलकर ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया और औसत AQI 241 दर्ज किया गया। शहर के जहांगीरपुरी इलाके में हालात सबसे चिंताजनक रहे, जहां AQI 321 तक पहुंच गया। हालांकि उम्मीद की किरण यह है कि मंगलवार को प्रस्तावित बारिश से हवा साफ होने और प्रदूषण के स्तर में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।




