नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में टमाटर के रेट कम होने का नाम नहीं ले रहा हैं। दिल्ली-एनसीआर के लोग मजबूरन 130 से 150 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से टमाटर खरीद रहे हैं। ऐसे में लोगों को टमाटर के रेट कम होने का इंतजार है। लोग महंगाई के बीच दाम कम होने का इंतजार कर रहे हैं, लोगों का कहना है कि महंगाई कम करने को लेकर सरकार कुछ कदम उठाए ताकि थोड़ी राहत मिले।
हिमाचल प्रदेश के टमाटर आने कीमत पर होगा असर
इसी बीच टमाटर की बढ़ती कीमत पर उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने दिल्ली में बताया कि टमाटर की कीमत में मौसमी बदलाव होता है क्योंकि इसका उत्पादन का समय हर क्षेत्र में अलग-अलग होता है। इसलिए हर साल इस समय कीमतें थोड़ी अधिक होती हैं। एक बार हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और सोलन से टमाटर बाजार में आना शुरू हो जाए तो दिल्ली में कीमतें कम हो जाएंगी।
जानें क्यों महंगा हुआ टमाटर?
बीते कुछ समय में बेमौसम बारिश ने टमाटर की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ कई राज्यों में गर्मी के कारण इसके प्रोडक्शन में गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा बिपरजॉय तूफान के कारण हुई बारिश से महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में टमाटर की फसल प्रभावित हुई है। जबकि टमाटर की पैदावार करने वाले शीर्ष राज्यों में गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। जहां बिपरजॉय का सबसे अधिक प्रकोप देखने को मिला था। और इस साल टमाटर की बुआई कम होने से भी उत्पादन में कमी आई है, जिसे कीमतों में बढ़ोत्तरी का कारण माना जा सकता है।




