नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मौसम के बदलाव का असर अब राजधानी दिल्ली में भी साफ दिखाई दे रहा है। लगातार हुई बारिश के चलते दिल्ली का मौसम पूरी तरह बदल गया है और ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। जनवरी के महीने में राजधानी ने बीते चार सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की है, जिससे सर्दी और बढ़ गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। विभाग का अनुमान है कि बुधवार को तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है।
IMD के मंगलवार के आंकड़ों के मुताबिक, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वहीं, 1 फरवरी को राजधानी में दोबारा बारिश होने के आसार जताए गए हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।
चार साल का रिकॉर्ड टूटा
दिल्ली में जनवरी का महीना इस बार बारिश के मामले में खास बन गया है। मंगलवार को गरज-चमक के साथ हुई तेज बारिश ने शहर के कई इलाकों को भिगो दिया, जिससे तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। इस बारिश के साथ ही दिल्ली में जनवरी महीने की कुल वर्षा 24 मिलीमीटर तक पहुंच गई, जो साल 2022 के बाद सबसे अधिक है।
पिछले कुछ वर्षों में जनवरी का सबसे ज्यादा बारिश वाला दिन 8 जनवरी 2022 रहा था, जब दिल्ली में 40.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इस बार 23 जनवरी 2026 को राजधानी में 19.8 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि मंगलवार को सफदरजंग इलाके में 4.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शाम 5:30 बजे तक शहर के अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश होती रही, जिससे पूरे महीने का आंकड़ा 24 मिलीमीटर तक पहुँच गया। तापमान की बात करें तो सफदरजंग में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.4 डिग्री कम पाया गया।
बारिश भी नहीं सुधार पाई हवा, AQI फिर बिगड़ा
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर हुई बारिश के बावजूद हवा की सेहत में कोई खास सुधार नहीं दिखा। उल्टा, दिन चढ़ने के साथ एयर क्वालिटी और बिगड़ गई। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 336 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। शाम होते-होते हालात और चिंताजनक हो गए। शहर के 26 इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ स्तर पर पहुंच गई। इनमें वज़ीरपुर सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 421 रिकॉर्ड किया गया। CPCB की श्रेणियों के अनुसार, AQI का स्तर 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच होने पर उसे ‘गंभीर’ माना जाता है।




