नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन DMRC ने CBSE बोर्ड परीक्षा 2025 के दौरान छात्रों की सुविधा के लिए विशेष घोषणाएं की हैं। 15 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 तक चलने वाली इन परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों को टिकटिंग और सुरक्षा जांच में प्राथमिकता मिलेगी। इसके लिए छात्रों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा।
परिक्षार्थियों के लिए आसान होगी यात्रा
CBSE बोर्ड परीक्षाओं के दौरान लाखों छात्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो का उपयोग करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए DMRC ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के साथ मिलकर सुरक्षा और यात्रा संबंधी विशेष उपाय लागू किए हैं। सभी मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के दौरान CBSE का एडमिट कार्ड ले जाने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। टिकट ऑफिस मशीन और ग्राहक सेवा केंद्रों पर टिकट खरीदते समय अपने प्रवेश पत्र दिखाने वाले छात्रों को भी प्राथमिकता मिलेगी।इन सुविधाओं को लेकर DMRC के कर्मचारियों ने स्कूलों का दौरा किया है और प्रिंसिपलों के साथ बातचीत की है। उन्हें पास के मेट्रो स्टेशनों और छात्रों के लिए उपलब्ध सुविधा के बारे में जानकारी दी गई है।
स्कूलों से समन्वय बनाया
DMRC ने विभिन्न स्कूलों के साथ तालमेल बनाकर नजदीकी मेट्रो स्टेशनों की जानकारी साझा की है, जिससे छात्रों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी। मेट्रो स्टेशनों की सूची DMRC की आधिकारिक वेबसाइट और ‘DMRC मोमेंटम दिल्ली सारथी 2.0’ मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, स्कूल परिसरों में पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें QR कोड दिया गया है, जिससे छात्र आसानी से टिकट बुक कर सकें। परीक्षा के दौरान मेट्रो स्टेशनों पर विशेष सेंट्रलाइज्ड अनाउंसमेंट की जाएंगी ताकि छात्रों को आवश्यक निर्देश मिलते रहें। DMRC ने छात्रों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। DMRC द्वारा उठाए गए इन विशेष कदमों से बोर्ड परीक्षार्थियों को परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिलेगा और वे अपने परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।




