नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पहली बार दिल्ली विधानसभा का सत्र आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बिना होगा। पहले यह सत्र शुक्रवार को निर्धारित हुआ था। लेकिन ED द्वारा सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद सत्र स्थगित कर दिया गया। राउज़ ऐवन्यू कोर्ट के आदेश पर केजरीवाल 28 मार्च तक ED की हिरासत में रहेंगे।
हाई कोर्ट पहुंचे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दिल्ली शराब नीति घोटाले में ED द्वारा गिरफ्तारी को उन्होंने अवैध करार दिया है। केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी और रिमांड को कोर्ट में चुनौती दी है। आज इस मामले में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच में सुनवाई होगी।
6 दिन की ED रिमांड पर केजरीवाल
दिल्ली शराब घोटाला के आरोप में 21 मार्च को गिरफ्तार किए गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज़ एवेन्यू कोर्ट में 22 मार्च को पेश किया गया। जहां ED ने उनकी 10 दिन की हिरासत की मांग की। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने केजरीवाल को 28 मार्च तक की रिमांड पर भेज दिया। स्पेशल जज कावेरी बावेजा की अदालत को ED का प्रतिनिधित्व कर रहे एएसजी एसवी राजू ने बताया कि शराब नीति इस तरह से बनाई गई थी। जिससे रिश्वत को बढ़ावा मिला। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल ने एहसान के बदले साउथ ग्रुप से 200 करोड़ की रिश्वत की मांग की। रिश्वत के बदले साउथ ग्रुप ने दिल्ली में शराब कारोबार का नियंत्रण हासिल कर लिया।
जेल में रहकर सरकार चलाएंगे केजरीवाल
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने 25 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रैंस में कहा कि अरविंद केजरीवाल जेल में रहकर ही सरकार चलाएंगे। आम आदमी पार्टी ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास (PMO) का घेराव करने का आह्वान किया था। BJP ने भी केजरीवाल के इस्तीफे की मांग करते हुए जवाबी विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई और विरोध प्रदर्शन पर उतरे।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




