नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। विभव ने स्वाति के ऊपर आरोप लगाए हैं कि स्वाति ने सुरक्षा को तोड़ते हुए 13 मई को सीएम आवास में गलत तरीके से प्रवेश किया और वहां हंगामा मचाया। विभव ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने स्वाति मालीवाल को रोकने की कोशिश की तो स्वाति ने गाली-गलौच की। दरअसल, मामले में सीएम हाउस का सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद विभव ने यह कदम उठाया है।
क्या कहा विभव ने शिकायत में?
ईमेल के जरिए विभव कुमार ने, सिविल लाइन पुलिस स्टेशन के एसएचओ को शिकायत दी। विभव ने शिकायत में कहा है कि मालीवाल उनके ऊपर मारपीट करने के झूठे आरोप लगा रही हैं। बता दें कि यह हादसा तब हुआ था जब मालीवाल अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर पहुंची थीं। विभव कुमार ने शिकयत की एक कॉपी डीसीपी (उत्तर) को भी भेजी है।
क्या कहा आम आदमी पार्टी (आप) ने
आम आदमी पार्टी ने कहा कि विभव ने अपनी शिकायत में स्वाति मालीवाल के खिलाफ सीएम आवास की सुरक्षा तोड़ने का आरोप लगाया है। साथ ही पार्टी ने कहा कि शिकायत में कहा गया है कि मालीवाल ने जबरन आवास में प्रवेश किया और हंगामा मचाया। शिकायत के अनुसार, जब विभव ने मालीवाल को रोकने की कोशिश की तो मालीवाल ने उन्हें अपशब्द कहे और हिंसा करने की कोशिश की। शिकायत में विभव ने कहा है कि मालीवाल उन्हें अब फंसाने की कोशिश कर रही हैं और उनपर दवाब बना रही हैं।
क्या है मामला मालीवाल की तरफ से
दरअसल केजरीवाल के घर आने के बाद 13 मई को मालीवाल उनसे मिलने उनके आवास पर पहुंची थी। बता दें कि पहले मालीवाल ने विभव के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं की थी। पर 16 मई को मालीवाल ने अपनी शिकायत दर्ज कर दी।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




