नई दिल्ली, (हि.स.)। तेलंगाना विधान सभा के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनावों पर तेजी से रणनीति बनानी शुरू कर दिया है। इसी संबंध में पार्टी ने तेलंगाना में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। इस रोड मैप को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 दिसंबर को तेलंगाना पहुंच रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 दिसंबर को तेलंगाना जाएंगे
मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में तेलंगाना के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन करेंगे। तेलंगाना की जनता प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते देखना चाहती है। तेलंगाना की जनता भी यही चाहती है कि भाजपा देश में हैट्रिक लगाए। उन्होंने बताया कि इसका रोडमैप तैयार करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 दिसंबर को तेलंगाना जाएंगे।
तेलंगाना में 17 लोकसभा सीटें हैं
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव में आठ सीटें जीती थीं। तेलंगाना में 17 लोकसभा सीटें हैं, जिसमें से चार सीटों पर भाजपा काबिज है, तीन पर कांग्रेस और 9 पर टीआरएस काबिज है। एआईएमआईएम ने 1 सीटें जीती थीं
विधानसभा चुनाव 2023 से पहले भी भाजपा ने दिखाया अपना दम
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 से पहले कहा था कि तेलंगाना के विकास के लिए राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार समय की मांग है। शाह ने हैदराबाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि तेलंगाना में केसीआर की सरकार ने भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति की है। कांग्रेस, बीआरएस और एआईएमआईएम तीनों पार्टियों को सिर्फ अपने परिवार की चिंता है। राज्य का विकास इनकी प्राथमिकता नहीं है। शाह ने कहा था कि वह तेलंगाना की जनता से कहना चाहते हैं कि आपने कांग्रेस को मौका दिया वो बीआरएस में शामिल हो गए, बीआरएस को मौका दिया तो उन्होंने भ्रष्टाचार व तुष्टीकरण के अलावा कोई काम नहीं किया। इस बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाइये, हम तेलंगाना निर्माण के लिए जिन युवाओं ने बलिदान दिया, उनके स्वप्नों को पूरा करने का काम करेंगे। हालांकि बीआरएस को इस विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, वहीं प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





