नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित नोएडा और एनसीआर के अन्य स्थानों पर बुधवार को घना कोहरा छाया हुआ है। उत्तर भारत से आ रही शीतलहर के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई शहरों में दृश्यता प्रभावित हुई है। कुछ जगहों में यह शून्य के करीब होने से उड़ान और ट्रेन सेवाओं का समय प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज बुधवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की चेतावनी जारी की है। जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान जताया है। वहीं, ‘घने’ से ‘बहुत घने’ कोहरे के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान वर्तमान में क्रमशः 15 से 19 डिग्री सेल्सियस और 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता भी पिछले दो दिनों से ‘खराब’ श्रेणी में रही है। इसके बाद फिर से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आ गई है। बुधवार को सुबह 6 बजे AQI 338 दर्ज किया गया। 11 और 12 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई हल्की बारिश ने पहले AQI में थोड़ा सुधार किया था। लेकिन, प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण AQI फिर से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आ गया है। राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता के बिगड़ते स्तर को कोहरे की स्थिति और तेज़ हवाओं की अनुपस्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। कोहरा प्रदूषकों को ज़मीन के करीब फँसाकर और उन्हें फैलने से रोककर वायु गुणवत्ता को खराब करता है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता
दिल्ली में वायु गुणवत्ता बुधवार सुबह कुछ इस प्रकार दर्ज की गई। आनंद विहार में 417, वजीरपुर में 401, रोहिणी में 393, पटपड़गंज में 384, मुंडका में 372, मंदिर मार्ग में 373, आर के पुरम में 368, अशोक विहार में 371, अलीपुर में 369, पूसा में 349, बुराड़ी क्रॉसिंग में 350, आईटीओ में 338 रही। उल्लेखनीय है कि एक्यूआई में सुधार के बाद, सीएक्यूएम ने रविवार को स्टेज-III प्रतिबंध हटा लिए थे, जिन्हें 9 जनवरी, 2025 को एक्यूआई के 350 अंक को पार करने के बाद फिर से लागू कर दिया गया था।
दिल्ली एयरपोर्ट ने की यात्रियों के लिए चेतावनी जारी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को सुबह 5:30 बजे तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज बुधवार को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। बुधवार को गाजियाबाद में भी दृश्यता शून्य रही, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित हुआ। घने कोहरे के बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए चेतावनी जारी की है। हालांकि दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन जारी है। लेकिन कैट III के अनुरूप नहीं होने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले उड़ान की अद्यतन जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करें।
पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। इस बीच, हरियाणा चंडीगढ़ और पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में भी 18 जनवरी तक और पंजाब और उत्तर प्रदेश में 19 जनवरी तक घने कोहरे की स्थिति का अनुमान है।





