नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सर्दी वापस लौट आयी है। आज गुरुवार की शुरुआत ठिठुरन और घने कोहरे के साथ हुई। तड़के कई इलाकों में दृश्यता इतनी कम रही कि कुछ कदम आगे तक देख पाना मुश्किल हो गया। खासतौर पर मुख्य सड़कों और हाईवे पर धुंध का असर ज्यादा देखने को मिला, जिससे यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई और लोगों को परेशानी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। रात के वक्त ठंड और बढ़ सकती है और तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण ठंडक का असर फिलहाल बना हुआ है। वहीं, दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहने की उम्मीद जताई गई है।
IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुबह के समय कोहरे की तीव्रता को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। अनुमान है कि कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक सीमित रह सकती है, जिससे आवागमन प्रभावित हो सकता है। दिन के दौरान 8 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, हालांकि ठिठुरन पूरी तरह खत्म होने के आसार नहीं हैं। कोहरे का असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी पड़ सकता है। कई उड़ानों और ट्रेनों के अपने तय समय से देरी से चलने की आशंका जताई गई है। ऐसे में सुबह के समय यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वाहन चलाते समय फॉग लाइट्स के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी, AQI ‘खराब’ स्तर पर
ठंड और हवा की धीमी रफ्तार के चलते राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति फिलहाल संतोषजनक नहीं है। हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रहने की संभावना जताई जा रही है। अनुमान है कि AQI 250 से 300 के दायरे में रह सकता है। आज सुबह 6 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 267 रिकॉर्ड किया गया, जो सांस संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि इस मौसम में शरीर को गर्म रखें, पर्याप्त गर्म पानी पिएं और सुबह व शाम के समय खुले में जाने से बचें। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 से 8 फरवरी के बीच भी सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि, तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के साथ ही आने वाले दिनों में मौसम और हवा की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद जताई गई है।





