नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली में एक 16 वर्षीय छात्र की आत्महत्या से सनसनी फैल गई है। मंगलवार को 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले इस विद्यार्थी ने राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। छात्र सुबह घर से ड्रामा क्लब एक्टिविटी के लिए निकला था। इस दर्दनाक घटना ने स्कूल प्रशासन और शिक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
16 वर्षीय छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि दोपहर 2:34 बजे वह प्लेटफॉर्म से कूदा। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके से बरामद सुसाइड नोट में छात्र ने कई शिक्षकों के नाम लिखे हैं, जिन पर लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना का आरोप है। नोट में कहा गया है कि स्कूल की समस्याओं ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया था।
आत्महत्या से पहले लिखा नोट
आत्महत्या करने वाले छात्र के सुसाइड नोट की कुछ पंक्तियाँ बेहद हृदय विदारक हैं। नोट में उसने लिखा है, “मेरे पैरेंट्स् ने बहुत कुछ किया। आई एम सॉरी, मैं उनको कुछ नहीं दे पाया। सॉरी भैया, मैं बद्तमीज था। सॉरी मम्मी आपका इतनी बार दिल तोड़ा, अब आखिरी बार दिल दुखाऊंगा।” ये पंक्तियाँ मृतक की मानसिक पीड़ा को दर्शाती हैं, जिससे परिवार और पुलिस दोनों स्तब्ध हैं।
पिता ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
मृतक छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा कई महीनों से स्कूल में होने वाले बर्ताव से अत्यंत परेशान था। पिता ने कई बार बेटे की मानसिक हालत को लेकर स्कूल में चिंता व्यक्त की थी, लेकिन अफसोस, हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। इस बयान ने अब जांच की दिशा को स्कूल प्रशासन की तरफ मोड़ दिया है।
फिलहाल, पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सुसाइड नोट में नामित शिक्षकों और स्कूल प्रशासन से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार है। साथ ही, पूरी सच्चाई जानने के लिए पुलिस छात्र के दोस्तों और परिजनों से भी गहनता से बातचीत कर रही है।
मृतक छात्र के दोस्तों ने बताया कि उसका स्वभाव ‘मस्तमौला’ था और उन्हें उसकी स्कूल की परेशानियों के बारे में पता नहीं था। वहीं, छात्र के चाचा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। उन्होंने बताया कि ‘प्ले की प्रैक्टिस’ के दौरान पैर फिसलने पर उसे भयानक डांट पड़ी थी, और कुछ दिन पहले उसे धक्का भी दिया गया था, जिससे वह परेशान था।
स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन
बुधवार को छात्र की आत्महत्या की ख़बर फैलते ही, कई माता-पिता ‘वी वांट जस्टिस’ लिखे प्लेकार्ड लेकर स्कूल के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ में ऐसे लोग भी शामिल थे जो सोशल मीडिया से जानकारी पाकर पहुँचे थे। एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि स्कूल के शिक्षक बच्चों की परेशानियों पर ध्यान नहीं देते और उनकी शिकायतें अनसुनी कर दी जाती हैं।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन रोका, FIR दर्ज
स्कूल के बाहर उग्र प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस ने भीड़ को बताया कि नई दिल्ली इलाके में BNSS 163 लागू है, जिसके तहत धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। इसके बाद पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को वहाँ से हटाया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और सुसाइड नोट व बयानों के आधार पर स्कूल के शिक्षकों और प्रशासन से गहन पूछताछ की जा रही है।





