बेगूसराय, 28 जून (हि.स.)। जिले के डीएम ने एक ही जगह तीन वर्षों से अधिक समय तक रहने के कारण सोमवार को 235 पंचायत सेवक, जनसेवक एवं लिपिक (क्लर्क) का स्थानांतरण कर दिया है। डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि एक ही पंचायत में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से पदस्थापित जिले के विभिन्न पंचायत 83 पंचायत सचिवों का स्थानांतरण किया गया है। इसके साथ ही तीन वर्ष से अधिक समय पूरा करने के बाद फिर से नियोजित किए गए 17 पंचायत सचिवों का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। जबकि सेवानिवृत्ति की अवधि छह माह से कम रहने के कारण चार पंचायत सचिवों का स्थानांतरण नहीं किया गया। सेवानिवृत्ति के बाद फिर नियोजित होकर साहेबपुर कमाल प्रखंड में कार्यरत राम राजीव साह दिसंबर में 85 वर्ष पूरा कर रहे हैं, जिसके कारण उनका भी स्थानांतरण नहीं किया गया है। एक ही जगह पर तीन साल पूरा करने वाले दस जनसेवक का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। जबकि तीन साल की अवधि पूरा करने के बावजूद सेवानिवृत्ति में एक साल से कम रहने के कारण तीन जनसेवक का स्थानांतरण नहीं किया गया है। इसी प्रकार प्रखंड कार्यालयों, अंचल कार्यालयों, अनुमंडल कार्यालयों समेत समेत जिला के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत 125 उच्च वर्गीय लिपिक एवं निम्न वर्गीय लिपिक का भी स्थानांतरण कर दिया गया। स्थानांतरित किए गए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जुलाई माह का वेतन नए कार्यालय से मिलेगा। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र




