नवादा 13 मार्च (हि.स.)।जिले के कौआकोल के जेपी आश्रम परिसर में शनिवार से कृषि विज्ञान केंद्र,ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा के तत्वाधान में वैज्ञानिक विधि से सात दिवसीय मधुमक्खी पालन विषयक एवं दो घण्टे का मशरूम उत्पादक विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का उदघाटन किया गया। जिसमें नवादा जिला के विभिन्न प्रखंडों से आये किसानों ने हिस्सा लिया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. रंजन कुमार सिंह ने लोगों को प्रशिक्षण से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रशिक्षण पाकर किसान वैज्ञानिक ढंग से मधुमक्खी पालन एवं मशरूम उत्पादन कर आय सृजन कर सकते हैं। ग्राम निर्माण मण्डल के प्रधान अरविंद कुमार ने कहा कि मधुमक्खी पालन एवं मशरूम उत्पादन से किसान के लिए खेती के अतिरिक्त आय का एक बेहतरीन साधन हो सकता है। जिससे उनकी आर्थिक तंगी दूर होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से युवाओं में बेरोजगारी दूर करने का एक बड़ा अवसर मिलेगा । इससे समाज में हर वर्ग के लोगों की खुशहाली बढ़ेगी। मौके पर कोर्स कॉर्डिनेटर डॉ. जयवंत कुमार सिंह,विकास कुमार,निरंजन सिंह समेत अन्य कृषि वैज्ञानिक एवं केवीके के कर्मी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ सुमन





