नवादा,05 मार्च (हि.स.)। भारतीय सामाजिक संस्थान नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित शांति सदभावना मंच बिहार के लीडरों का एकदिवसीय पारा लीगल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को प्रखंड के सोखोदेवरा गांव अवस्थित जेपी आश्रम परिसर में किया गया।जिसका उद्घाटन भारतीय सामाजिक संस्थान नई दिल्ली के राष्ट्रीय कार्यक्रम पदाधिकारी पास्कल तिर्की ने किया। प्रशिक्षण में जिले के वारसलीगंज, पकरीबरावां एवं कौआकोल प्रखंड के विभिन्न गांव से कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए श्री तिर्की ने कहा कि शांति सद्भावना मंच विगत कई वर्षों से पूरे देश में लोगों के बीच शांति एवं सद्भाव के साथ रहने एवं आपसी भाईचारा का संदेश दे रहा है। साथ ही साथ लोगों को संवैधानिक अधिकार एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र के निर्माण के लिए शांति एवं सदभाव बहुत जरूरी है। इसलिए लोगों को आपस में नफरत एवं घृणा त्याग कर सौहार्दपूर्ण वातावरण को बरकरार रखने की आवश्यकता है। मंच के राज्य समन्वयक सुबोध कुमार रविदास ने समाजिक सदभाव एवं शांति को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि यह मंच पूरे भारत में विभिन्न समाज के बीच शांति से जीने की कला एवं भाईचारा सिखाती है। उन्होंने मंच की स्थापना व उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए समाज व परिवार निर्माण पर बल दिया। जोनल ट्रेनर ब्रहमदेव रविदास ने कहा कि हमें ऐसा कार्य करना है कि समाज व देश में अमन,चैन एवं शांति की मशाल सदा जलती रहे। इसके लिए हम सभी को मिलजुल कर प्रयास करना होगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि सभी धर्मों के मूल सिद्धांत एक है,जो हमें प्रेम,दया एवं सच्चाई के मार्ग पर चलने की सीख देते हैं। मौके पर ट्रेनर हीरा रविदास,चुन्नी कुमारी,नरेश दास,रीता देवी आदि ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किये। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ सुमन




