नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में 4 जुलाई की रात करीब 11 बजे बिजनेसमैन गोपाल खेमका को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गोपाल खेमका पटना के बड़े व्यवसायी थे और मगध अस्पताल के मालिक भी थे। छह साल पहले उनके बेटे गुंजन खेमका की भी वैशाली के औद्योगिक थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी, जिससे तब भारी सनसनी फैली थी। अब एक बार फिर से पटना में अपराधियों का तांडव देखने को मिला है।
गोपाल खेमका को कार से उतरते ही बदमाशों ने मारी गोली
सूत्रों के अनुसार, पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में पनास होटल के पास एक अपार्टमेंट के निकट जब गोपाल खेमका अपनी कार से उतरे, तभी अपराधियों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गांधी मैदान थाना पुलिस ने पुष्टि की है कि बिजनेसमैन की गोली मारकर हत्या की गई है।
पुलिस के अनुसार, खेमका जैसे ही अपनी कार से उतरे, बदमाशों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पटना एसपी दीक्षा ने बताया कि यह मामला गंभीर है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि 4 जुलाई की रात लगभग 11 बजे सूचना मिली कि गांधी मैदान के दक्षिणी इलाके में व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या कर दी गई है। जिसके बाद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील किया गया। मामले की जांच जारी है। मौके से एक गोली और एक खोखा भी बरामद किया गया है।





