पटना 28 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद ने कहा कि शहरों को बेहतर नगरीय सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धताओं में शामिल है। स्वच्छता और सेनिटाईजेशन के साथ शहरों को व्यवस्थित रखना भी जरूरी है। उप मुख्यमंत्री एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने पटना, भागलपुर, दरभंगा, मगध एवं मुंगेर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले नगर परिषद् के तहत संचालित कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा के दौरान बुधवार को कहा कि शहरों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड के लिए भूमि चिन्हि्त कर उसके निर्माण की कार्यवाही की जानी है। कई ऐसे शहरी निकाय हैं, जहां भूमि की अनुपलब्धता के कारण अब तक बस एवं ऑटो स्टैंड का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को अविलंब भूमि की उपलब्धता का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने शहरी निकायों में सम्राट अशोक भवन के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की है, जिसके क्रम में कार्य चल रहा है, परंतु ऐसे कई शहरी निकाय हैं, जहां भूमि की अनुपलब्धता के कारण निर्माण कार्य अवरुद्ध है। उप मुख्यमंत्री ने कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस दिशा में विशेष अभिरुचि लेते हुए प्राथमिकता के तौर पर संबंधित जिला पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता से समन्वय स्थापित कर भूमि की व्यवस्था सुनिश्चित करायें एवं तत्संबंधी प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजें। समीक्षा के दौरान गोगरी जमालपुर नगर परिषद् में 2016 से ही सम्राट अशोक भवन के निर्माण की राशि लगभग एक करोड़ पैंतीस लाख पड़ी हुई पाई गई, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने प्रधान सचिव को इस मामले में जांच करा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उक्त समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व में प्रमंडल के अनुश्रवण के लिए विभागीय स्तर से नोडल पदाधिकारी बनाये गये थे, परंतु कतिपय पदाधिकारियों के स्थानांतरण हो जाने के कारण इसे पुनर्व्यवस्थित करने की जरूरत है। उन्होंने नये सिरे से नोडल पदाधिकारी नामित करने के लिए प्रधान सचिव को निर्देश दिए। हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द/चंद्र




