बेगूसराय, 03 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय के विष्णुपुर चांदनी चौक स्थित बाल योगी व्यायामशाला में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को श्रीमद् भागवत कथा के दौरान धर्मावतार मनु महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि बाल रूप में कृष्ण जी ईश्वरीय गुणों को समाहित कर लोक कल्याण के लिए कुरितियों और अन्याय के लिए प्रतिबद्ध रहे, आसुरी शक्तियों का विनाश किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसी व्यंजन को चाहे कितनी भी स्वादिष्ट बनाओ, लेकिन अंत में नमक ना दो तो सब व्यर्थ। उसी तरह मानव जीवन में कितने ही अच्छे वस्त्र, कितने ही महंगे वाहन, कितने ही महंगे जीवन शैली अपना लो। लेकिन अगर व्यवहार में विनम्रता और शालीनता नहीं हो तो सब व्यर्थ है, वह मानव नहीं पत्थर सामान है। व्यथापक सचिन कुमार एवं अन्य सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन में समस्त ग्रामवासियों का सहयोग मिल रहा है, दूर-दूर से लोग ईश्वर के आशीर्वाचन सुनने आ रहे हैं। इधर, विवेक कुमार, अरविंद कुमार, फंटुश कुमार, खुशिलाल, प्रिंस कुमार, गुड्डू कुमार, राजेश कुमार पोद्दार एवं रमेश कुमार समेत कमेटी के अन्य सदस्य व्यवस्था बनाने में लगातार जुटे हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा




