बेतिया, 23 अप्रैल (हि.स.)। डीएम कुंदन कुमार ने शुक्रवार को कहा कि कंटेनमेन्ट जोन में निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती के साथ अनुपालन सुनिश्चित किया जाय। कंटेनमेन्ट जोन में किसी भी प्रकार का संक्रमण नहीं फैले इसका विशेष ध्यान रखा जाय तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत कारवाई की जाय। उन्होंने कहा कि कंटेनमेन्ट जोन में किसी भी प्रकार की आवाजाही पर पूर्णतः पाबंदी लगाई जाय ताकि संक्रमण के फैलने का खतरा नहीं रहे। सिविल सर्जन और एसडीएम को निदेश दिया गया कि कंटेनमेन्ट जोन प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाय। साथ ही आवश्यक सामग्री सहित दवाओं की उपलब्धता भी सुलभ करायी जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार द्वारा रात्रि 09.00 बजे से प्रातः 05.00 बजे तक नाईट कर्फ्यू लगा दिया गया है। नाईट कर्फ्यू का कड़ाई के साथ अनुपालन अति आवश्यक है। सभी संबंधित पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी शत-प्रतिशत नाईट कर्फ्यू का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित कराएं। साथ ही नियमित रूप से मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की अनिवार्यता सुनिश्चित करायी जाय। मास्क नहीं पहनने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध निर्धारित जुर्माना किया जाय तथा आमजन के बीच मास्क की अनिवार्यता और सोशल डिस्टेंसिंग का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाय। सिविल सर्जन को निदेश दिया गया कि जिलान्तर्गत दवा दुकानों में कोविड-19 संक्रमण में उपयोगी सभी प्रकार की आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय तथा इस बात का विशेष ध्यान रखा जाय कि दवा दुकानदार ऐसी दवाओं को निर्धारत दर पर ही बिक्री करें। पुलिस अधीक्षक, बेतिया उपेन्द्रनाथ वर्मा द्वारा पुलिस अधिकारियों को निदेश दिया कि कंटेनमेन्ट जोन में सख्ती के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल का अनुपालन कराया जाय। प्रत्येक कंटेनमेन्ट जोन में पुलिस अधिकारी सहित पुलिस बल की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करायी जाय। साथ ही सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष नाइट कर्फ्यू का हर हाल में सख्ती के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर सहायक समाहर्त्ता, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सभी एसडीएम, सभी एसडीपीओ सहित संबंधित बीडीओ, सीओ, इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/अमानुल




