बेतिया, 07 मार्च (हि.स.)। बेतिया जी.एम.सी.एच. के सी-ब्लाॅक के सेकेन्ड फ्लोर पर अवस्थित डायलसिस सेन्टर का विधिवत उद्घाटन आज जिलाधिकारी कुंदन कुमार द्वारा किया गया।इस अवसर पर सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक, प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा उद्घाटन के पश्चात, डायलसिस सेन्टर में अधिष्ठापित विभिन्न आधुनिक मशीनों, उपकरणों तथा अन्य संसाधनों की बारीकी से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डायलसिस सेन्टर को संचालित करने वाली कंपनी नेफ्रो प्लस के प्रतिनिधि ने विस्तारपूर्वक बताया तथा डायलसिस की प्रक्रिया का डेमो भी प्रदर्शित किया। जिलाधिकारी द्वारा जी.एम.सी.एच. में अतिशीघ्र पूर्णरूपेण फंक्शनल होने वाले डायलसिस की सुविधा पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की गयी तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की गयी। उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। डायलसिस हेतु मरीजों को पटना अथवा अन्य शहरों में जाना पड़ता है, जी.एम.सी.एच. में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को फायदा मिलेगा तथा यही पर उन्हें डायलसिस की उच्च गुणवतापूर्ण सुविधा मुहैया होगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन तथा डायलसिस सेन्टर को संचालित करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि को निदेश दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कराने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन कृत संकल्पित है। डायलसिस सेंटर को अच्छे तरीके से संचालित करें ताकि इसका फायदा मरीजों को सुगमतापूर्वक मिल सके। उन्होंने निदेश दिया कि विभागीय दिशा-निर्देश के अनुरूप डायलसिस सेन्टर का संचालन पूरी संजीदगी एवं मानवीय संवेदना के साथ कराना सुनिश्चित करें। डायलसिस सेन्टर को संचालित करने वाली कंपनी नेफ्रो प्लस के प्रतिनिधि द्वारा जिलाधिकारी को आश्वत किया गया कि डायलसिस हेतु आने वाले मरीजों को पूरा ख्याल रखा जायेगा। उन्हें अतिथि मानकर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करायी जायेगी। हिंदुस्थान समाचार / अमानुल हक




