नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को गोलीबारी मामले में जमानत मिल गई है। बुधवार को वे बेऊर जेल से बाहर आए और बाहर आते ही उन्होंने मोकामा से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। अनंत सिंह अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हैं, और जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने मीडिया और यूट्यूबरों से घिरे रहते हुए अपनी बातें रखी। जेल से निकलने के बाद पटना में मीडिया के साथ उनका खास साक्षात्कार हुआ, जहां उन्होंने तेजस्वी यादव के नेतृत्व में होने वाली RJD की जीत पर कटाक्ष करते हुए मजाक किया।
अनंत सिंह का तेजस्वी यादव पर तंज, नीतीश कुमार की तारीफ की
अनंत सिंह ने एक यूट्यूब चैनल से बात करते हुए नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। इस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी के सरकार बनाने के दावे पर तंज कसते हुए अनंत सिंह ने कहा, “तेजस्वी को 400 सीटें आएंगी,” और फिर गंभीर लहजे में कहा, “लिखकर रख लीजिए, 15 सीटों से ज्यादा तेजस्वी को नहीं मिलेंगी, वे 16वीं सीट नहीं जीत पाएंगे।” उन्होंने आगे कहा कि बाकी बची हुई सीटें नीतीश कुमार के खाते में जाएंगी। अनंत सिंह ने यह भी साफ किया कि बिहार की सीएम नीतीश कुमार की सरकार है और आगे भी उन्हीं की सरकार रहेगी। इस बयान से साफ था कि अनंत सिंह का राजनीतिक अंदाज फिर से पुराने रंग में लौट आया है।
चुनाव में बड़ी जीत का दावा, अनंत सिंह खुद उतरेंगे मैदान में
बता दें कि मोकामा सीट से फिलहाल अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी विधायक हैं। लेकिन इस बार अनंत सिंह ने साफ ऐलान कर दिया है कि वे स्वयं चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मोकामा से कौन-कौन, किस पार्टी से चुनाव मैदान में उतरता है, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका पूरा ध्यान सिर्फ अपनी तैयारी और जीत पर है। अनंत सिंह ने दावा किया, “मैं चुनाव लड़ूंगा और बड़ी जीत दर्ज करूंगा। जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है।”





