होजाई (असम), 07 अप्रैल (हि.स.)। होजाई जिले में वनांचल से गुजरने वाली सड़क पर इन दिनों 60 से 70 की संख्या में जंगली हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है, जिसके चलते लोगों में दहशत फैल गयी है। मिली जानकारी के अनुसार होजाई व पश्चिम कार्बी आंग्लांग जिले को जोड़ने वाली सड़क पर कोमोराकाटा वनांचल इलाके में जंगली हाथियों की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है। कोमोराकाटा वनांचल से होकर ये सड़क गुजरती है। जंगली हाथियों का ये झुंड कार्बी पहाड़ी से निकलकर कोमोराकटा रिजर्व फॉरेस्ट में प्रवेश हो गया है। यह झुंड लगातार घूमते हुए सड़क के इर्द-गिर्द चक्कर लगा रहा है। सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए वन विभाग की ओर से कोई सुरक्षा के उपाय नहीं किये गये हैं। जिसके चलते कभी भी कोई बड़ी अनहोनी होने की संभावना बनी हुई है। हालांकि, अभी तक कोई घटना नहीं घटी है। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद




