गुवाहाटी, 06 मई (हि.स.)। राज्य में कोरोना संक्रमण की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या में भी लगातार वृद्धि होने लगी है। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनवाल ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए से राज्य की कोविड स्थिति की समीक्षा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने असम के सभी जिला के उपायुक्त, पुलिस अधिकारियों और चिकित्सा महाविद्यालय के प्रमुखों, स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारियों व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ राज्य की कोविड स्थिति को लेकर चर्चा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री सोनवाल ने उपायुक्तों को नियमित असस्पतालों का निरीक्षण कर कोविड-19 की स्थिति पर ध्यान रखने के साथ-साथ आवश्यक दवाओं पर पूर्ण नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिलों में बड़े पैमाने पर कोविड के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए और नवीनतम स्थिति के बारे में लोगों को विस्तार से सूचित करने के भी निर्देश दिए हैं। राज्य के साप्ताहिक बाजारों को सैनिटाइज करने के साथ-साथ चाय बागान इलाके में भी जागरूकता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की वृद्धि पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ निरंतर बैठक करने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए है। मुख्यमंत्री सोनवाल ने इस जटिल स्थिति में सभी जिलों में नियमित बिजली की आपूर्ति बनाए रखने के लिए एपीडीसीएल के साथ बैठक कर उचित कदम उठाने का भी अधिकारियों को निर्देश दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/ देबोजानी/ अरविंद




