गुवाहाटी, 11 मई (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी के आठगांव कब्रिस्तान कमेटी की ओर से मंगलवार को कोरोना महामारी से बचने और कब्रिस्तान में दफनाए गये लोगों लिए कुरान खतम, मिलाद, दुआ की गई। गुवाहाटी कब्रिस्तान कमेटी के सचिव मोहम्मद मुर्तुजा ने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना महामारी दौरान कोरोना संक्रमित होकर इंतकाल हुए एक सौ लोगों को हमारे कब्रिस्तान में दफनाया गया था। इस बार पिछले दो सप्ताह के भीतर कोरोना संक्रमण से मरने वाले 45 लोगों को दफनाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों को पूरे इस्लामिक रीति नीति के तहत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए जनाजा और शवों को दफनाया जा रहा है। वहीं कमेटी की ओर से हर रोज रोजादारों के लिए इफ्तार की व्यवस्था की जा रही है। गरीब लोगों को शाम के समय हर रोज भोजन का पैकेट कब्रिस्तान कमेटी की ओर से दिया जा रहा है। मोहम्मद मुर्तुजा ने कहा कि हमारे कब्रिस्तान कमेटी के लोग दिन रात काम में लगे हुए हैं। आम लोग भी हमारे कब्रिस्तान कमेटी के लोगों के लिए दुआ करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का लोग पालन करें, घर में रहे और सुरक्षित रहे। हिन्दुस्थान समाचार /असरार/ अरविंद




