कोरबा, 25 जून (हि.स.)। कोरबा जिले के दीपका नगर पालिका से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां नेता प्रतिपक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच जमकर झुमा झटकी की स्थिति निर्मित हो गई। यह विवाद मेनुअल टेंडर को लेकर हुआ। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलने से मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को शांत करवाया। फिलहाल पुलिस मामले पर कार्रवाई कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच शुक्रवार को मेनुअल टेंडर को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक आ पहुंची। अनूप यादव का आरोप है कि दूसरे ठेकेदारों को टेंडर का फार्म नहीं दिया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी