कोरबा, 26 जून (हि.स.)। आयुक्त कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वर्तमान में निगम द्वारा चलाए जा रहे रोका-छेका अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए एक जुलाई से रोका-छेका का संकल्प अभियान चलाएं। पशुपालकों से इस हेतु संकल्प पत्र भरवाएं तथा सड़कों से उठाकर मवेशियों को काउकेचर के माध्यम से सुरक्षित कांजीघर व गोठान भिजवाएं। उन्होंने कहा कि गोठानों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरूस्त करें तथा गोबर व खाद का सुरक्षित भंडारण करते हुए निर्मित किए वर्मी कम्पोस्ट व सुपर कम्पोस्ट की शतप्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करें। आयुक्त कुलदीप शर्मा ने शनिवार को नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में अधिकारियां की बैठक लेकर गोधन न्याय योजना एवं रोका-छेका संबंधी कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार एक जुलाई से रोका-छेका संकल्प अभियान सघन रूप से संचालित किया जाना हैं। उन्होंने कहा कि एक जुलाई को निगम क्षेत्र के समस्त पशुपालकों से इस हेतु संकल्प पत्र भरवाएं कि अपने पालतू मवेशियों को अपने स्थान पर ही रखेंगे तथा शहर की सड़कों में आवारा घूमने के लिए न छोड़ेगे। आयुक्त शर्मा ने निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों पर स्वच्छंद रूप से विचरण करने वाले मवेशियों को उठाकर काउकेचर के माध्यम से सीतामणी कोरबा एवं बालको स्थित कांजीघर अथवा गोठानों में सुरक्षित रूप से पहुंचाएं। उन्होंने कांजीघरों, गोठानों में चारा, पानी, आदि की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कांजीघरों व गोठानों में चारा, पानी आदि की समुचित व्यवस्था हो, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें। पशुपालकों व पालतू मवेशियों का होगा सर्वे आयुक्त शर्मा ने राज्य शासन के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में निवासरत पशुपालकों व पालतू मवेशियों की जानकारी संकलित करने हेतु त्वरित रूप से सर्वेक्षण कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, जिसमें पशुपालक का नाम, मवेशियों की संख्या, मवेशियों हेतु घर में उचित प्रबंधन है या नहीं सहित पशुपालक का मोबाइल नम्बर व पूर्ण पता आदि से संबंधित जानकारी संकलित कर समयसीमा में प्रस्तुत करें। उन्होने कहा कि सर्वेक्षित पशुओं के पालकों से निर्धारित प्रारूप में संकल्प पत्र भरवाएं तथा रिकार्ड को सुरक्षित रखें। बैठक के दौरान निगम के अपर आयुक्त अशोक शर्मा, कृषि विभाग के उप संचालक जे.डी. शुक्ला, कार्यपालन अभियंता आरके चौबे, आरके माहेश्वरी, एमएन सरकार, उपायुक्त बीपी त्रिवेदी, संपदा अधिकारी श्रीधर बनाफर, स्वास्थ्य अधिकारी वीके.सारस्वत, डॉ.संजय तिवारी, पशु चिकित्सक डॉ.सोहन गुर्जर, विवेक रिछारिया, पीयूष राजपूत, अनिरूद्ध सिंह, सुमित गुप्ता, गोयल सिंह विमल, विनोद नेताम, गौरव सिंह आदि के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी




