korba-brakes-except-for-essential-services-seen-a-different-picture-of-lockdown
korba-brakes-except-for-essential-services-seen-a-different-picture-of-lockdown

कोरबा : जरूरी सेवाओं को छोड़ बाकी पर ब्रेक, लॉकडाउन की दिखी अलग तस्वीर

कोरबा, 09 मई (हि. स.) । कोरबा जिले में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए तय किया गया है कि 17 मई तक आने वाले रविवार को पूर्ण लॉकडाउन होगा। इस दौरान जरूरी सेवाएं ही जारी रहेंगी। आज प्रथम रविवार को अलग तस्वीर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नजर आई। यहां आर्थिक गतिविधियां थमी रहीं। लोगों की आवाजाही भी बाधित हुई। जो लोग बेमकसद सड़क पर दिखे, उन पर कार्रवाई भी हुई। जिला प्रशासन ने राहत के साथ लॉकडाउन की अवधि यहां भी 17 मई तक के लिए बढ़ाई है। पूर्व में इसे 5 मई तक के लिए तय किया गया था। 12 अप्रैल से लॉकडाउन की स्थिति जिले में बनी हुई है। इस तरह नये चरण की पूर्णता के साथ लॉकडाउन को एक महीने से अधिक समय हो जाएगा। वर्तमान में प्रशासन ने नागरिक सुविधाओं का ध्यान रखते हुए राहत दी है। वहीं रविवार को इन्हें भी ब्रेक कर दिया। इस दौरान दुग्ध प्रदाय का काम जारी रहा। मेडिकल, पेट्रोल की दुकानें पहले की तरह खुली रहीं। अन्य सभी गतिविधियों को प्रतिबंधित किये जाने के आदेश पहले ही जारी कर दिए गए थे, इसलिए सड़कों पर दूसरे दिनों की तुलना में आज सन्नाटा जैसी स्थिति दिखाई दी। इन सबके बावजूद लॉकडाउन को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मी डटे रहे। चौराहों से लेकर मार्गों पर पुलिस की टीमें चेकिंग के लिए व्यस्त रहीं। यहां से हर आने-जाने वाले को रोककर पूछताछ की गई। जिनके पास उचित कारण नहीं थे वे दंडित हुए। मानिकपुर पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार लॉकडाउन को प्रभावी किये जाने के बाद भी कुछ लोगों ने नियम से खिलवाड़ करने की कोशिश की। मानिकपुर पुलिस ने इस कड़ी में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वे चौकी क्षेत्र के अंतर्गत के निवासी हैं। बताया गया कि जांच अभियान के दौरान ये लोग आवाजाही करते मिले। पुलिस ने इन्हें रूकवाया और पूछताछ की। उन्होंने टालमटोल वाला जवाब देने के साथ बचने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस ने दोनों को कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी अशोक पांडेय ने बताया कि संबंधितों पर 269, 270 महामारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in