धर्मशाला, 30 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के सात वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी कांगड़ा ने रक्त दान शिविर लगाया जिसमे 51 यूनिट रक्त टांडा अस्पताल के ब्लड बैंक में संचित हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आह्वान पर सेवा ही संगठन कार्यक्रम के उपलक्ष्य में यह आयोजन सम्पन्न हुआ। जिसमें मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की प्रेरणा से पार्टी के सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं ने कोविड नियमों का पालन करते हुए रक्त दान किया। कांगड़ा भाजपा के जिलाध्यक्ष चन्द्र भूषण नाग ने इस अवसर पर कहा कि कोरोना काल मे अन्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को रक्त की आवश्यकता बढ़ गई है। लॉकडाउन परीक्षा की घड़ी थी, इसी नाजुक मौके पर भाजपा ने अपने मानवधर्म का पालन किया है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनैतिक दलों को भी बयानबाजी से ऊपर उठ कर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए थी लेकिन अन्य दल अपने मानव धर्म को तो भूले ही राजनीतिक और समाजिक धर्म को भी भूल गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील




