जगदलपुर, 26 मार्च (हि.स.)। कोरोना एक बार फिर मार्च के अंतिम दिनों में अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। 20 मार्च के बाद से हर दिन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है और अब यह संख्या बढ़ते-बढ़ते प्रतिदिन 20 तक पहुंच गई है। बस्तर जिले में पिछले चार दिनों में ही कोरोना के नए पचास से ज्यादा पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जो नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं इनमें शहरी संक्रमितों की संख्या अधिक है। इस तरह अब जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 80 पर पहुंच गई है। सरकार द्वारा कोरोना टीकाकारण को लेकर जारी की गई नई गाइडलाइन के अनुसार एक अप्रैल से 45 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों का टीकाकारण किया जाएगा। इसके तहत एक जनवरी 1977 से पहले जन्मे सभी लोगों को टीकाकारण अभियान में शामिल किया जाएगा। यह लोग कोविड पोर्टल पर पहले से ऑनलाइन पंजीकरण कराकर या टीकाकारण केंद्र पर तत्काल पंजीकरण कराकर कोरोना का टीका लगवा सकते हैं। इसके बाद उन्हें टीकाकारण का प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। कोरोना का पहला टीका लगाने के समय ही अस्पताल से प्रमाण पत्र लेना चाहिए। यह प्रमाण पत्र हार्ड कॉपी या ऑनलाइन नि:शुल्क लिया जा सकता है। यदि कोई अस्पताल नि:शुल्क प्रमाण पत्र देने में आनाकानी करे, तो टोल फ्री नंबर 1075 पर इसकी शिकायत कर सकते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे




