निर्विरोध निर्वाचित सरपंच दशमी बाई ने कलेक्टर को प्रभार दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया जगदलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जिले में दो वर्ष पूर्व पंचायती चुनाव में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के द्वारा सरपंच के निर्विरोध निर्वाचन को निरस्त करने संबंधी आदेश को निरस्त करते हुए उच्च न्यायलय बिलासपुर ने सरपंच के निर्विरोध निर्वाचन को वैध ठहराया है। इसके बाद निर्विरोध निर्वाचित सरपंच दशमी बाई बेलसरिया ने शुक्रवार को कलेक्टर रजत बंसल को सरपंच का प्रभार दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया है। उच्च न्यायलय बिलासपुर के इस निर्णय के बाद दशमी बाई बेलसरिया कुम्हारवंड ग्राम पंचायत की सरपंच बन गई है। उल्लेखनीय है कि पंचायती राज चुनाव के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने 07 जनवरी 2020 को ग्राम कुम्हरावंड के सरपंच के निर्वाचन प्रक्रिया के तहत दो उम्मीदवाराें का नामांकन निरस्त कर दिया था, जिसके बाद दशमी बाई बेलसरिया निर्विरोध निर्वाचित हो गई थी। उसे निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया था। इसके बाद मामले की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को की गई। देर रात तक चली कार्रवाई के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने निर्विरोध निर्वाचन को अवैध ठहरा दिया था। इस निर्वाचन को चुनौती देते हुए दशमी बाई बेलसरिया ने उच्च न्यायलय बिलासपुर में याचिका दायर की थी। जिसपर उच्च न्यायलय ने दशमी बाई के पक्ष में फैसला सुनाते हुए अनुविभगीय अधिकारी राजस्व के आदेश को निरस्त कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे




