नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच अब दुनिया की निगाहें अमेरिका पर टिक गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगले दो हफ्तों में यह तय किया जाएगा कि अमेरिका इस संघर्ष में सीधे हस्तक्षेप करेगा या नहीं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने जानकारी दी कि ट्रंप दो सप्ताह के भीतर इस पर अंतिम निर्णय ले सकते हैं। हालांकि, ट्रंप को अब भी इस बात की ‘उम्मीद’ है कि बातचीत के जरिए ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और इज़रायल की मांगों को पूरा कराया जा सकता है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई चेतावनी की समयसीमा को बढ़ा दिया गया है, जिसकी जानकारी व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने दी। लेविट ने ट्रंप के हवाले से कहा “निकट भविष्य में ईरान के साथ बातचीत होने या न होने की पूरी संभावना है। इस परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए, यह तय किया जाएगा कि हमला करना है या नहीं और इस पर मैं अगले दो हफ्तों के भीतर फैसला लूंगा।”
हम इस जंग से दुनिया का नक्शा बदल देंगे – नेतन्याहू
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक इंटरव्यू में कहा है कि इजरायल को मिलने वाली हर मदद का वे खुले दिल से स्वागत करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस लड़ाई के माध्यम से वे दुनिया का नक्शा बदल देंगे। इसी बीच इस संघर्ष में नया मोड़ आ रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है कि वह इस युद्ध में दखल न दे। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ईरान पर इजरायल के हमलों की कड़ी निंदा की है।
इजरायल ने ईरान की इंजीनियरिंग साइट को बनाया निशाना
युद्ध के आठवें दिन दोनों देशों इजरायल और ईरान के बीच हमलों की तीव्रता बढ़ गई है। इजरायल ने ईरान पर जबरदस्त पलटवार किया है। देर रात इजरायली सेना ने फिर से ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें कई ईरानी सैनिकों की मौत की खबरें सामने आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जो ठिकाने ईरान पुनः स्थापित कर अगले हमले की तैयारी कर रहा था, उन्हें इजरायली फौज ने भंग कर दिया। विशेष रूप से इजरायल ने ईरान की एक इंजीनियरिंग साइट पर हमला किया, जहां दर्जनों ईरानी सैनिक मारे गए।
इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय
इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह से सक्रिय स्थिति में है। जानकारी के अनुसार, ईरान की ओर से अब तक सैकड़ों ड्रोन अटैक किए गए हैं, जिन्हें इजरायली सेना ने हवा में ही रोक दिया। इजरायल की वायु सेना और नौसेना ने मिलकर 95 प्रतिशत से अधिक हवाई हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची का जेनेवा दौरा
महत्वपूर्ण खबर ये है कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची यूरोप के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वे जेनेवा में फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे। इसके ठीक पहले, फ्रांस के विदेश मंत्री ने बड़ा दावा किया है कि ईरान के अधिकारी अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी पहली शर्त सीजफायर होना होगी।




