नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पर उनकी ही कैबिनेट मंत्री काला जादू कर रही थी, ऐसा आरोप लगा है । इस कैबिनेट मंत्री का नाम फातिमा शमनाज अली सलीम है। पुलिस ने फातिमा शमनाज अली सलीम को राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पर काला जादू करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। फातिमा शमनाज पर्यावरण मंत्री हैं। पुलिस ने फातिमा शमनाज के साथ दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोर्ट ने इन लोगो को सात दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया
गिरफ्तार किए गए दो लोगों में से एक फातिमा शमनाज का भाई है। पुलिस ने इन लोगों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने इन लोगो को सात दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने इन्हे कोर्ट में पेश करने से पहले फातिमा शमनाज के आवास में छपेमारी की थी और वहां से बरामद आपत्तिजनक चीजों को जब्त कर लिया। पुलिस को पूरा भरोसा है कि ये लोग इन आपत्तिजनक चीजों का प्रयोग काला जादू के लिए करते थे।
मालदीव में काला जादू को लेकर दो बातों की चर्चा खूब चल रही है
मालदीव में काला जादू को लेकर दो बातों की चर्चा खूब चल रही है। विदेशी मीडिया के अनुसार फातिमा शमनाज का राष्ट्रपति मुइज्जू पर काला जादू करने का मकसद राष्ट्रपति मुइज्जू के गुड बुक्स में आना था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फातिमा शमनाज पर्यावरण मंत्री के पद से संतुष्ट नहीं थी। वह मुइज्जू सरकार में अहम पद पाना चाहती थी। जिसके लिए वह काला जादू कर रही थी।
वहीं काला जादू मामले में एक अलग एंगल की भी चर्चा चल रही है। यह चर्चा राष्ट्रपति मुइज्जू की पत्नी को लेकर चल रही है। कहा जा रहा है कि मुइज्जू की पत्नी ने बदले की भावना में फातिमा शमनाज को इस मामले में फंसाया है। मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार फातिमा शमनाज ने मुइज्जू की पत्नी का एक पब में गाना गाते हुए और थिरकते हुए वीडियो लीक कर दिया था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





