नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर अगले 50 दिनों के भीतर यूक्रेन युद्ध खत्म करने को लेकर कोई ठोस समझौता नहीं होता, तो अमेरिका रूस पर 100% टैरिफ लगाएगा। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को ओवल ऑफिस में नाटो महासचिव मार्क रूट के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कोई ठोस प्रगति न होने से वे रूस से बेहद नाराज हैं। इसके साथ ही, अमेरिकी राष्ट्रपति ने नाटो सहयोगियों के साथ यूक्रेन को अतिरिक्त हथियार भेजने के समझौते का भी ऐलान किया है।
अमेरिका से यूक्रेन को मिलेंगे और हथियार
व्हाइट हाउस में हुई एक अहम बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को अतिरिक्त सैन्य सहायता देने की बात दोहराई। उन्होंने बताया कि अमेरिका पैट्रियट मिसाइल सिस्टम समेत कई आधुनिक हथियार यूक्रेन को उपलब्ध कराएगा। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका के नाटो सहयोगी अरबों डॉलर की सैन्य खरीदारी कर इन हथियारों को यूक्रेन तक पहुंचाएंगे। दुनिया के अन्य संघर्ष क्षेत्रों जैसे भारत-पाकिस्तान और रवांडा-कांगो का उदाहरण देते हुए ट्रंप ने कहा, “हमने व्यापार के जरिए युद्ध रोकने में बड़ी सफलता पाई है।” उन्होंने यह भी बताया कि जर्मनी और अन्य प्रमुख नाटो देश इस योजना को लेकर बेहद सकारात्मक हैं और सहयोग के लिए तैयार हैं।
यूक्रेन को मिली पैट्रियट मिसाइलों की पहली खेप
नाटो महासचिव मार्क रूट ने घोषणा की कि यूक्रेन को दिए गए आधुनिक हथियारों की यह पहली खेप है और भविष्य में और अधिक हथियार भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस सहायता में अमेरिका द्वारा निर्मित पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलें भी शामिल हैं, जो रूसी हवाई और बैलिस्टिक हमलों से निपटने में यूक्रेन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगी। पैट्रियट सिस्टम फिलहाल यूक्रेन के पास एकमात्र ऐसी रक्षा प्रणाली है जो रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोकने की क्षमता रखती है। रूट ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका की ओर से किए जा रहे सैन्य समर्थन में उनके अपने हथियार भंडार का भी संतुलन ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि अमेरिकी रक्षा तैयारियों पर असर न पड़े।





