ला पाज, 22 मार्च (हि.स.)। वैक्सीन मैत्री पहल के तहत बोलीविया को भारत की ओर से वैक्सीन की पहली खेप सोमवार को पहुंची। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की ओर से ट्वीट कर कहा गया है कि ला पाज में वैक्सीन की नई खेप पहुंची है। साथ ही इस पहल से दोनों देशों की दोस्ती नई ऊंचाइयां को छूएगी। उल्लेखनीय है कि वैक्सीन मैत्री पहल के तहत भारत लगातार अपने पड़ोसी देशों को वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। अबतक 72 देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराई जा चुकी है। भारत की ओर से मालदीव, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, म्यांमार और अन्य खाड़ी देशों को मदद स्वरूप वैक्सीन उपलब्ध कराई जा चुकी है। एस. जयशंकर ने ट्वीट कर कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान भारत की ओर से 150 देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराई जी चुकी है। इनमें से 82 को अनुदान दिया जा चुका है। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना




